करैरा, : करैरा में भगवान परशुराम जयंती बड़े ही उत्साह और धूमधाम के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित विशाल शोभायात्रा ने पूरे नगर में भक्ति और उमंग का वातावरण बना दिया। स्थानीय श्री बिहारी जी मंदिर से शुरू हुई यह शोभायात्रा करैरा के मुख्य मार्गों से होती हुई फिल्टर रोड पहुंची और अंत में ब्राह्मण समाज की धर्मशाला पर समाप्त हुई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल हुए, जिन्होंने तपती धूप के बावजूद अपने उत्साह और श्रद्धा को कम नहीं होने दिया।
शोभायात्रा की शुरुआत बिहारी मंदिर में पूजा-अर्चना और भगवान परशुराम के जयकारों के साथ हुई। ढोल-नगाड़ों और भक्ति भजनों की स्वर लहरियों के बीच श्रद्धालु भगवान परशुराम के चित्रों और झंडों को लेकर उत्साहपूर्वक आगे बढ़े। युवा हाथ में परशुराम जी का फरसा हाथ में लेकर चल रहे थे । शोभायात्रा के दौरान जगह-जगह स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा और जलपान की व्यवस्था कर स्वागत किया। कई स्थानों पर रंगोली सजाई गई।
शोभायात्रा के धर्मशाला पहुंचने पर वहां भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में सभी श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया और एक-दूसरे के साथ भक्ति भाव के क्षण साझा किए। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, हर वर्ग के लोग इस आयोजन में शामिल हुए।कार्यक्रम में राजेश दुबे, रामगोपाल शर्मा, राघवेंद्र त्रिपाठी, प्रशांत त्रिपाठी, बसंत दुबे, साधना पाठक, सुधा त्रिपाठी सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।परशुराम जयंती का यह आयोजन हर साल करैरा में एक विशेष उत्सव के रूप में मनाया जाता है, इस वर्ष भी लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और आयोजन को सफल बनाने में योगदान दिया।
पत्रकार राजेन्द्र गुप्ता मो नं 8435495303